विधानसभा चुनाव:अलीगढ़ में बसपा, रालोद, कांग्रेस समेत 46 प्रत्याशियों की जमानत जब्त

विधानसभा चुनाव:अलीगढ़ में बसपा, रालोद, कांग्रेस समेत 46 प्रत्याशियों की जमानत जब्त*
अलीगढ़ के विधानसभा चुनाव के परिणाम इस बार काफी चौंकाने वाले आए हैं। सात विधानसभा सीटों पर 60 में से 46 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। हर विधानसभा से महज दो-दो (पहले व दूसरे स्थान वाले) प्रत्याशी ही जमानत बचा पाए हैं। खैर व बरौली विधानसभा में रालोद प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। वहीं, खैर व बरौली को छोड़कर बाकी अन्य सभी विधानसभाओं में बसपा प्रत्याशियों भी जमानत नहीं बची है। कांग्रेस प्रत्याशी जिले की किसी विधानसभा में जमानत नहीं बचा पाए हैं।खैर विधानसभा क्षेत्र में कुल सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें से महज भाजपा के अनूप वाल्मीकि व बसपा की चारू केन की जमानत बचा सकी हैं। रालोद के भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, कांग्रेस की मोनिका, आप के मोहसिन, निर्दलीय जगदीश प्रसाद व मूलचंद्र की जमानत जब्त हो गई है। बरौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के ठा. जयवीर सिंह व बसपा के नरेंद्र शर्मा की जमानत बची है। रालोद के प्रमोद गौड़, कांग्रेस के गौरांगदेव, एआइएमआइएम के शाकिर अली, आप की सुनीता्, निर्दलीय देवेंद्र कुमार वर्मा भी जमानत नहीं बचा सके। अतरौली से भाजपा के संदीप सिंह व सपा के वीरेश यादव की जमानत बची है। यहां से बसपा के डा. ओमवीर सिंह, कांग्रेस के धर्मेंद्र कुमार, बहुजन मुक्ति पार्टी के कैलाश कुमार, आप के खेम सिंह, लोकदल के बृजेश कुमार, निर्दलीय अखिलेश देवी, मंजू देवी, सलीम खान भी अपनी जमानत नहीं बचा सके।
छर्रा विधानसभा में भाजपा के रवेंद्र पाल सिंह व सपा की लक्ष्मी धनगर ही जमानत बचा पाईं। यहां से बसपा के तिलकराज, जन अधिकारी पार्टी के यादकरन, भारतीय सुभाष सेना के राजेश कुमार शर्मा, आप के सुशील कुमार, निर्दलीय अक्षय कुमार, जसवीर, सतीश कुमार की जमानत जब्त हो गई। कोल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अनिल पाराशर व सपा के अज्जू इशहाक की जमानत बची है। यहां से बसपा के मो . बिलाल, कांग्रेस के विवेक बंसल, आप के मनोज शर्मा, भारतीय सुभाष सेना के साहब सिंह, निर्दलीय नेम खान, एमएल पापा, शम्स तरवेज खान जमानत नहीं बचा पाए। शहर विधानसभा सीट से भाजपा की मुक्ता राजा व सपा के जफर आलम की जमानत बची है। यहां से कांग्रेस के सलमान इम्तियाज, बसपा की रजिया खान, आप की मोनिका थापर, निर्दलीय दिलीप कुमार, रिहायद्दीन, रेनुका शर्मा, केशव देव व विनोद कुमार की जमानत जब्त हो गई है। इगलास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के राजकुमार सहयोगी व रालोद के वीरपाल दिवाकर की जमानत बची है। यहां से कांग्रेस की प्रीति धनगर, बसपा के सुशील कुमार व लोकदल के कुंवरपाल सिंह की जमानत जब्त हो गई।

983 views