अलीगढ़ के लोधा में परचून की दुकान में लाखों का सामान चोरी*
अलीगढ़ के लोधा क्षेत्र के गांव जतनपुर चिकावटी के पास बनी मार्केट में बुधवार रात चोरों ने परचून की दुकान को निशाना बना लिया। यहां से लाखों का सामान चोरी कर ले गए। गांव जतनपुर चिकावटी निवासी देवेंद्र पाल खेरेश्वर हाईवे स्थित गांव के पास बनी मार्केट में परचून की दुकान चलाते हैं। होली को लेकर दो दिन पहले ही लाखों का माल दुकान में भरा था। बुधवार रात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे। यहां से सामान चोरी करने के बाद देवेंद्र की ही बगल वाली दुकान में दीवार काटकर चले गए। फिर गोदाम में भी हाथ साफ किया। दुकानदार के मुताबिक, रिफाइंड, तेल, चीनी, सिगरेट, गुटखा, इन्वर्टर बैट्री समेत करीब दो लाख का माल व आठ सौ रुपये गायब हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आएदिन क्षेत्र में कहीं न कहीं चोरी और लूट की घटना हो रही हैं। पुलिस इस ओर ध्यान ही नहीं दे रही है। एसएसआइ ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।






