यूपी में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना, माफिया का हुआ सफाया : अमित शाह*
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के शुभारंभ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों को सहयोग देने की भावना जरूरी है और प्रदेश में ये सभी परिस्थितियां मौजूद हैं। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले माफिया का प्रभाव था, लेकिन 2017 के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब भयमुक्त होकर विकास और निवेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ट्रेड शो में दुनिया के कई देशों से आए खरीदारों की मौजूदगी का भी उन्होंने उल्लेख किया। गृह मंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने सात शहरों में मेट्रो संचालन और एक जिला, एक उत्पाद योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भदोही की दरी, मुरादाबाद का पीतल और बनारस की साड़ी जैसे पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिली है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद जताई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ट्रेड शो के माध्यम से उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में आगे बढ़ रहा है और दुनिया के बाजार में यूपी के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। ट्रेड शो में 90 से अधिक देशों के मेहमानों की मौजूदगी भी उन्होंने बताई।






