✒️ *पीएम मोदी ने मंत्रियों से मांगा पांच साल का रोडमैप*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को चिंतन शिविर के दूसरे दिन सरकार के कामकाज को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मंत्रियों से लोगों से सीधे संवाद करने, फीडबैक लेने और सरकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से जमीन पर लागू करने के निर्देश दिए। पीएम मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने और जनहित में सुधार की गति तेज करने के लिए सभी मंत्रालयों से पांच साल का रोडमैप तैयार करने को कहा। चिंतन शिविर में पीयूष गोयल समेत छह मंत्रियों के प्रजेंटेशन के बाद उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि सभी जरूरतमंदों तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने करीब एक दर्जन मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा भी की। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत समेत कुछ योजनाओं की पहुंच को लेकर मंत्रियों से सवाल किए और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सुधार महज एक शब्द नहीं, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम है।






