एमपीओए एजीएम में भाजपा के दिग्गजों का होगा जमाबड़ा

एमपीओए एजीएम में भाजपा के दिग्गजों का होगा जमाबड़ा: प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय सहित दो मंत्री और चार विधायक करेंगे शिरकत

कमेटी में कोई बड़े फेरबदल की संभावना नहीं

भोपाल। एमपीओए (मध्यप्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन) की नई टीम में कोई बड़े फेरबदल की संभावना नहीं है। ज्योइंट सेक्रेटरी पद पर मप्र ट्रायथलोन से ओपी अवस्थी को जगह मिल गई है। इसी तरह एक्जीक्यूटिव कमेटी में मप्र खो-खो एसोसिएशन के सचिव संजय यादव को जोड़ा गया है। 29 सदस्यीय कार्यकारिणी में अमिताभ जैन और श्रीकृष्ण लक्कड़ दिखाई नहीं देंगे। जैन ने दावेदारी नहीं जताई और लक्कड़ का निधन हो चुका है।
अब एजीएम में दिग्गजों की मौजूदगी की फेहरिस्त में भाजपा के राष्ट्रीय महासिचव और मप्र बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा (भोपाल जिला ओलंपिक संघ- अध्यक्ष), चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग (मप्र एथलेटिक्स संघ- अध्यक्ष), उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव (मप्र कुश्ती संघ- अध्यक्ष) के अलावा विधायक रमेश मेंदोला (मप्र राइफल शूटिंग संघ-अध्यक्ष), संदीप जयसवाल (कटनी जिला ओलिंक संघ-अध्यक्ष), प्रदीप लारिया (सागर जिला ओलंपिक संघ-अध्यक्ष) एवं विजय पाल सिंह (मप्र ट्रॉयथलोन संघ- संरक्षक) शिरकत करेंगे।
कार्यकारिणी तय:
एजीएम में इस बार आगामी चार साल के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव होने थे, लेकिन पहले ही सब तय हो जाने से चुनाव को लेकर कोई उहा-पोह की स्थिति नहीं बनने वाली है। नाम वापसी की तारीख (12 जुलाई 2021) तक पूरी स्थिति साफ हो गई है। वर्तमान कमेटी में अध्यक्ष रमेश मेंदोला का यह चौथा कार्यकाल प्रारंभ होगा, जबकि सचिव दिग्विजय सिंह का तीसरा टर्म शुरू होगा। कार्यकारिणी में अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के एक-एक पद के अलावा नौ उपाध्यक्ष, छह संयुक्त सचिव और 11 कार्यकारिणी सदस्य निर्धारित हो गए हैं। उपाध्यक्ष के रूप में विजय पाल सिंह और संयुक्त सचिव के रूप में ओपी अवस्थी नये पदाधिकारी हैं, जबकि कार्यकारिणी सदस्य में नया नाम संजय यादव का जुड़ गया है।
एजीएम 18 को जबलपुर में:
एमपीओए की एजीएम 18 जुलाई को जबलपुर के होटल गुलजार में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। इस बार की मीटिंग में सब कुछ फिलगुड जैसा होगा।

1595 views