इंदौर की हारमनी जैन ने राष्ट्रीय तैराकी में रचा इतिहास,
जीते 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक
ओवरऑल चैंपियनशिप विनर ट्रॉफी पर भी जमाया कब्जा, इंदौर पहुँचने पर भव्य स्वागत
इंदौर। इंदौर की प्रतिभाशाली युवा तैराक हारमनी जैन ने सीबीएसई नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप 2026–27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर शहर को गौरवान्वित किया है। गर्ल्स अंडर-17 वर्ग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए हारमनी ने ओवरऑल चैंपियनशिप विनर ट्रॉफी भी अपने नाम की।
भोपाल के द ओरिएंटल स्कूल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 750 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। हारमनी ने 200 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि 100 मीटर बटरफ्लाई और 50 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक जीतकर कुल पांच पदक अपने नाम किए।
हारमनी की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे उनके कोच अस्मित गोयले का कुशल प्रशिक्षण, निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। वहीं उनकी माँ शारदा जैन ने हर कदम पर जबरदस्त सहयोग, हौसला और समर्थन देकर उनकी तैयारी में अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर इंदौर लौटने पर हारमनी का परिवारजनों, शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर बधाइयाँ दी गईं।
हारमनी की यह उपलब्धि इंदौर सहित पूरे मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता ने साबित किया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और परिवार एवं प्रशिक्षक के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की जा सकती हैं।
603 views





