*शासकीय प्राथमिक विद्यालय कागदीपुरा के शिक्षक और बच्चे दोनों होनहार- कमिश्नर बोले वेल डन*
धार। शासकीय प्राथमिक विद्यालय कागदीपुरा में पहुंचे कमिश्नर आकाश त्रिपाठी व साथ में जिला कलेक्टर श्रीकांत बनोठ भी थे, संभागायुक्त ने शिक्षक सुभाष यादव द्वारा किए गए शिक्षण पद्धति में बदलाव का डेमो देखा और कहा वेल डन।
उल्लेखनीय है शिक्षक सुभाष यादव ने जो शिक्षण पद्धति में यहां प्रयोग किए हैं वे देश और प्रदेश में चर्चा का विषय बने हैं। यादव ने गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी आदि विषयों को खेल खेल में रोचक ढंग से बच्चों को पढ़ा कर बताया, प्रश्न पूछे, और सही उत्तर भी सुनें। ज्ञात रहे कमिश्नर आकाश त्रिपाठी ने संभाग के सभी जिलों के प्रत्येक संकुलों में एक-एक प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने की मुहिम छेड़ रखी है। इसके चलते कलेक्टर बनोठ द्वारा जिले के 222 विद्यालयों को विभिन्न अधिकारियों को गोद दिया गया है। अधिकारीगण इन शालाओं का निरीक्षण कर इन्हें सर्व सुविधा युक्त बनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। जिला पंचायत सीईओ संतोष शर्मा सहित अधिकारी साथ थे।






