देश के प्रतिष्ठित क्लबों में शुमार शहर के यशवंत क्लब में खेलकूद की गतिविधियों के विस्तार की महती योजना तैयार की गई है।

इंदौर। देश के प्रतिष्ठित क्लबों में शुमार शहर के यशवंत क्लब में खेलकूद की गतिविधियों के विस्तार की महती योजना तैयार की गई है। लगभग 50 करोड़ रूपयों की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का शुभारंभ अगले माह से होगा।

यह जानकारी स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के ‘रूबरू’ कार्यक्रम में यशवंत वलब के चेयरमैन श्री जितेंद्र जैन ‘जीतू’ ने दी। उन्होंने बताया कि 92 वर्ष पूराने यशवंत क्लब में नए मास्टर प्लान को स्वीकृति प्रदान की गई है जिसके अंतर्गत 50 करोड़ की लागत से खेलकूद और अन्य वविकास कार्यो को अंजाम दिया जायेगा।
पहले चरण में जिम्नेशियम, टेबल टेनिस, बिलियर्ड्स, स्नूकर बैडमिंटन, लॉन टेनिस खेल के लिये विस्तार कार्य किया जाएगा। गेस्ट के लिये 26 कमरों और 400 मेंबर्स क्षमता वाले कनवेंशन हॉल का निर्माण भी किया जाएगा यह सभी कार्य लगभग चार साल में पूरे होंगे। विकास कार्य क्लब की मूल स्वरूप को यथावत रखते हुए दोनों तरफ होगा।

श्री जैन ने बताया कि अभी क्लब में करीब 4200 सदस्य हैं। लंबे समय बाद पिछले दिनों सौ नए सदस्य बने थे।
इन सदस्यों से प्रति सदस्य 25 लाख रुपये जीएसटी अतिरिक्त शुल्क लिया गया जिससे करीब 30 करोड़ रूपये एकत्रित हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभी क्लब को सदस्यता शुल्क मात्र 600 रूपये माह है जिसे बढाए जाने की जरूरत है। आने वाली ओजीएम में इस संदर्भ में सहमति बनाने की कोशिश करेंगे।

एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि एक समय में क्लब की ख्याति कार्ड रूम और बार के लिये होती थी लेकिन कुछ सालों से यशवंत क्लब खेलकूद की गतिविधियों के लिये पहचाने जाने लगा है।
अब यहां मार्निंग और इवनिंग वॉक और एक्सरसाइज़ के लिये भारी भीड़ उमड़ती है। उन्होंने बताया कि मेंबर्स की संख्या को दोखते हुए पार्किंग सुविधा का विस्तार किया जाएगा। मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव तैयार करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यशवंत क्लब का देश-विदेश के अधिकांश प्रतिष्ठित क्लबों से एफिलेशन है। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद यहां खेलकूद गतिविधियों का इंटर क्लब स्तर पर विस्तार किया जाएगा।

प्रारंभ में श्री जैन का स्वागत प्रवीण खारीवाल, कमल कस्तूरी, विजय गुंजाल, दीपक माहेश्वरी, सुनील जैन, राजू घोलप,संजय मेहता,
संतोष रुपेता, शैलेंद्र श्रीमाल ने किया।
इस अवसर पर मप्र कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता हर्ष जैन भी उपस्थित थे।

603 views