भारतीय तटरक्षक बल के साथ तेयुप दक्षिण मुंबई की पर्यावरण संरक्षण में सार्थक पहल

भारतीय तटरक्षक बल के साथ तेयुप दक्षिण मुंबई की पर्यावरण संरक्षण में सार्थक पहल

मुंबई। अंतरराष्ट्रीय तटीय स्वच्छता दिवस के अवसर पर 19 सितंबर को गिरगांव चौपाटी, मुंबई में भारतीय तटरक्षक बल, मुंबई के साथ तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई द्वारा संयुक्त रूप से बीच क्लीन-अप ड्राइव का आयोजन किया गया। यह पहल रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें तेयुप दक्षिण मुंबई ने सहयोगी संस्था के रूप में सक्रिय सहभागिता निभाई।

प्रातः 6:30 से 9:00 बजे तक चले इस अभियान का उद्देश्य समुद्र तट को स्वच्छ रखने के साथ-साथ समुद्री पर्यावरण के संरक्षण एवं नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारियों, जवानों, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न सहभागी संस्थाओं ने मिलकर गिरगांव चौपाटी पर स्वच्छता अभियान चलाया।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि समुद्र में जाने वाले प्रत्येक प्लास्टिक एवं कचरे को रोकना समुद्री जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है। अभियान का संदेश रहा— “Clean Coast – Clean Ocean – Sustainable Future.”

तेयुप दक्षिण मुंबई की ओर से अध्यक्ष सुमीत सुराणा, उपाध्यक्ष पूरण चपलोत एवं दर्शन डागलिया, मंत्री श्रेयांस मुनोत, कोषाध्यक्ष रौनक धाकड़ तथा सहमंत्री दीपेश बोराणा सहित परिषद के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल, क्षेत्र पश्चिम के चीफ ऑफ स्टाफ एवं कमांडर DIG विभूति रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय तटीय स्वच्छता अभियान वैश्विक स्तर पर सितंबर के तीसरे सप्ताह में आयोजित होने वाली पहल है। भारत में भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2006 से इस महत्वपूर्ण अभियान के समन्वय में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

तेयुप दक्षिण मुंबई की इस सहभागिता ने “सेवा संस्कार संगठन” की भावना को साकार करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

335 views