शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 210 अंक टूटा; निफ्टी 24,615 के स्तर पर बंद*
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार शुरुआती बढ़त गंवाकर गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 210.08 अंक यानी 0.27 प्रतिशत गिरकर 78,428.95 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 79,143.15 का ऊपरी और 78,211.87 का निचला स्तर छुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 159.40 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,614.90 पर बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, एफएंडओ क्लोजिंग व्यवस्था में बदलाव के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और निवेशकों ने अपनी पोजीशन को दोबारा संतुलित किया। सेंसेक्स के प्रमुख गिरने वाले शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टेक महिंद्रा शामिल रहे। वहीं ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाटा स्टील में तेजी रही। उधर, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे कमजोर होकर 95.39 रुपये प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में एशिया और यूरोप के बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला, जबकि ब्रेंट क्रूड 2.49 प्रतिशत बढ़कर 85.86 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।






