तिरंगे की छांव में मनेगा आजादी का जश्न, घर-घर लहराएंगे 2.86 लाख तिरंगे*
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जाने वाले “हर घर तिरंगा” अभियान को लेकर अलीगढ़ जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद के सभी नगरीय निकायों के लिए कुल 2,86,000 राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी एवं डूडा अध्यक्ष अविनाश कुमार के निर्देश पर नगर निगम, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को उनके निर्धारित लक्ष्य के अनुसार झंडे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने सभी निकायों के अधिकारियों को डूडा कार्यालय से समन्वय स्थापित कर झंडे प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों और एएलएफ के माध्यम से झंडों का निर्माण कराया जाएगा। इस अभियान में नगर निगम अलीगढ़ को 2.18 लाख झंडों का सबसे बड़ा लक्ष्य दिया गया है। वहीं नगर पालिका परिषद अतरौली को 11 हजार और खैर को 8 हजार झंडों का लक्ष्य मिला है। प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस पर अधिक से अधिक स्थानों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश देना है।






