सारिका की सुमधुर आवाज से सजे गीतों ने जीता श्रोताओं का दिल,
राजेंद्र नगर गणेशोत्सव में सारिका सिंह ने पेश किया सुरीले गीतों का गुलदस्ता
इंदौर। सार्वजनिक श्री गणेशोत्सव के तहत शनिवार को राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में सारिका सिंह लाइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तरुण मंच, राजेंद्र नगर एवं सारेगामा के सहयोग से आयोजित इस संगीत संध्या में बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी उपस्थित रहे। खचाखच भरे सभागृह के बाहर भी बैठकर श्रोताओं ने सारिका सिंह की पुरकशिश आवाज में गीतों का आनन्द लिया।
प्रसिद्ध गायिका सारिका सिंह ने अपनी सुरीली आवाज़ और शानदार मंचीय प्रस्तुति से श्रोताओं का दिल जीत लिया। सारिका ने मोहम्मद रफ़ी, किशोर कुमार, मुकेश सहित विभिन्न लोकप्रिय गायकों के गीतों की प्रस्तुतियां देकर संगीत की अलग-अलग शैलियों और दौर को जीवंत कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत मेडली और लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाकर दाद दी।
कार्यक्रम में ‘एक दंताय वक्रतुंडाय’, ‘सुनियो जी अरज म्हारी’, ‘यारा सिली सिली’, ‘तन भी है सनम’, ‘एहसान तेरा होगा मुझ पर’, ‘नाम गुम जाएगा’, ‘मैंने तुझे समझ लिया’, ‘ये मोह मोह के धागे’, ‘तुझे बुलाएं मेरी बाहें, ‘ऐ हवा मेरे संग संग चल’, ‘रातें नई पुरानी’, ‘अजीब दास्तां है ये’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘मेरे रश्के कमर’, ‘वो हसीन ज़ारा’, ‘पुकारता चला हूं मैं’, ‘कुछ तो लोग कहेंगे’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘दीवाना लेके आया है’, ‘आने वाला पल’, ‘लग जा गले’, ‘हे तेरे साथ मेरी वफ़ा’ सहित अनेक लोकप्रिय एकल व युगल गीत प्रस्तुत किए गए।उन्होंने एक मराठी गीत भी गया।कार्यक्रम का एक और विशेष आकर्षण था सचिन–इंद्रेश की जोड़ी की लंबे समय बाद मंच पर वापसी । वर्षों बाद दोनों कलाकारों ने एक साथ मंच साझा किया और अपनी प्रस्तुति से पुरानी संगीत महफ़िल की यादों को ताजा कर दिया।कार्यक्रम में योगेश पाठक ने संगीत संयोजन किया, जबकि सुगंधा बेहरे ने प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश जी विजवर्गीर ने सारिका सिंह के साथ दो युगल गीत भी प्रस्तुत किए।अतिथियों का स्वागत श्री अभिषेक गावड़े ने किया।
469 views





