पेट्रोल पंपों के तेल पर उठे सवाल, 2000+ सैंपल जांच में सामने आई सच्चाई*
देशभर में ई20 फ्यूल और पेट्रोल-डीजल में मिलावट को लेकर चल रही बहस के बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ईंधन की गुणवत्ता को लेकर रिपोर्ट जारी की है। मंत्रालय ने कहा है कि तेल विपणन कंपनियां लगातार ईंधन की गुणवत्ता की निगरानी कर रही हैं और मिलावट रोकने के लिए अतिरिक्त जांच भी शुरू की गई है। मंत्रालय के अनुसार, देशभर के 87 हजार से अधिक फ्यूल आउटलेट्स पर दिन में 8 से 12 बार पानी के रिसाव की जांच की जा रही है। इसके अलावा क्लोराइड और सल्फाइड जैसी मिलावट की जांच के लिए 2000 से ज्यादा सैंपल की जांच की गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि अब तक देशभर में क्लोराइड मिलावट के केवल दो मामले सामने आए हैं, जिन पंपों पर तत्काल बिक्री रोक दी गई। सरकार ने कहा कि किसी भी रिटेल आउटलेट पर मिलावट मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि मौजूदा टेस्टिंग प्रोटोकॉल के साथ अतिरिक्त जांच व्यवस्था लागू की गई है, ताकि फ्यूल सप्लाई चेन में किसी भी तरह की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।






