गुलवीर की रफ्तार का जलवा, कॉमनवेल्थ में भारत को दिलाया दूसरा पदक*
कॉमनवेल्थ खेलों में अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह ने एक बार फिर देश और जिले का नाम रोशन किया है। 10 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने के बाद अब गुलवीर ने 5 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही अतरौली तहसील के सिरसा गांव में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और बेटे की सफलता पर गर्व जताया। सिरसा गांव निवासी गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ खेलों में दूसरा पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 5 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। दादी सहित परिवार के सभी सदस्य खुशी से झूम उठे। परिजनों ने बताया कि पदक जीतने के बाद गुलवीर ने सबसे पहले वीडियो कॉल कर पिता को अपनी सफलता की जानकारी दी। परिवार के लोग मोबाइल पर उनकी दौड़ देख रहे थे और उनकी जीत के लिए प्रार्थना कर रहे थे। जैसे ही गुलवीर ने पदक जीता, गांव में लोगों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और भारत माता के जयकारे लगाए। गुलवीर के पिता पप्पू सिंह और माता लक्ष्मी देवी ने कहा कि बेटे की मेहनत और लगन ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव के लोगों को अब उम्मीद है कि गुलवीर आगामी ओलंपिक में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगे।






