39 पदकों की चमक से रोशन हुआ भारत, पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दी बधाई*
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय दल को बधाई दी है। भारत ने प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय दल के प्रदर्शन पर देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे खेलों के दौरान शानदार कौशल, दृढ़ संकल्प और समर्पण का प्रदर्शन किया, जो देश के युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देश की बढ़ती खेल शक्ति का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि सीमित खेलों के बावजूद भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बर्मिंघम 2022 के 30 पदकों के मुकाबले इस बार 39 पदक हासिल किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय खेलों की मजबूती और प्रतिभा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि तिरंगे के लिए योगदान देने वाले सभी लोग गर्व का विषय हैं। वहीं, 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी को लेकर भी भारत ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्लास्गो में आयोजित समापन समारोह में राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को सौंपा गया। इसके साथ ही अहमदाबाद 2030 की मेजबानी यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई।






