राम मंदिर चढ़ावा मामला: एसआईटी का शिकंजा कसा, बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ*
अयोध्या राम जन्मभूमि परिसर से जुड़े चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह टीम राम जन्मभूमि परिसर पहुंची और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए बैंक कर्मचारियों से बंद कमरे में पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले एसआईटी ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से करीब चार घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। टीम ने चढ़ावे के ऑडिट से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आने वाले दिनों में पूछताछ का दायरा और बढ़ाया जाएगा। उधर, पुलिस भी समानांतर जांच कर रही है। विवेचक ने राम मंदिर में दान पात्रों की प्रक्रिया का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए और आरोपी से जुड़े लोगों से पूछताछ की। एसआईटी अब ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के ऑडिट रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि वित्तीय गड़बड़ियों की पूरी तस्वीर सामने आ सके।






