सप्तऋषि सम्मान से इंदौर के 75 से अधिक श्रेष्ठ मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया

सप्तऋषि सम्मान से इंदौर के 75 से अधिक श्रेष्ठ मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया

इंदौर। भारतीय पत्रकारिता महोत्सव की पूर्व संध्या पर स्टेट प्रेस क्लब म.प्र. द्वारा जाल सभागृह में सप्तऋषि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी थे। अध्यक्षता लेखक एवं समाजसेवी प्रवीण कक्कड ने की। इस मौके पर अतिथियों ने इंदौर से प्रकाशित दैनिक, सांध्य दैनिक और अनुभवी 75 से अधिक मीडियाकर्मियों को सप्तऋषि सम्मान से सम्मानित किया। सम्मान में ट्रॉफी, तुलसी का पौधा और गिफ्ट हैंपर प्रदान किये। स्टेट प्रेस क्लब म.प्र. के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम निदेशक प्रवीण खारीवाल ने स्वागत उद्बोधन एवं पत्रकारों के हितों के लिए किये जा रहे कार्यो की जानकारी दी।

मुख्य संबोधन में सांसद लालवानी ने कहा कि मूर्धन्य संपादकों की स्मृति में भारतीय पत्रकारिता महोत्सव का आयोजन पत्रकारिता जगत के लिए गर्व का विषय है। इंदौर के मीडिया ने पत्रकारिता जगत में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाज को रचनात्मक दिशा प्रदान की। प्रवीण कक्कड़ ने सभी सम्मानित मीडियाकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि देश में जब भी पत्रकारिता की चर्चा होती है, तो इंदौर का नाम बडे सम्मान के साथ लिया जाता है। इंदौर के समाचार – पत्रों और जागरुक पाठकों की संख्या इस बात का घोत्तक है कि इंदौर के मूर्धन्य संपादको ने अपनी मेहनत से पत्रकारिता की उर्वरा भूमि तैयार की है। कार्यक्रम का संचालन यशवर्धन ने किया। आभार माना स्टेट प्रेस क्लब के सचिव नवनीत शुक्ला ने। कार्यक्रम में पत्रकार मनोहर लिंबोदिया, अजय भट्ट, कमल कस्तूरी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

737 views