*स्पीकर को बागी गुट से नहीं मिला पत्र’, उद्धव गुट के सांसद ने स्पीकर से मुलाकात की*
नईदिल्ली। उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी में बगावत करने वाले बागी लोकसभा सांसदों के संबंध में बुधवार 24 जून को उद्धव गुट के सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सावंत ने बड़ा दावा किया कि स्पीकर को बागी गुट की तरफ से कोई पत्र नहीं मिला है। पार्टी के दो तिहाई यानी 6 बागी सांसद उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना में शामिल हो गए हैं।
स्पीकर से मुलाकात के बाद अरविंद सावंत ने कहा है, “हमारे उस अनुरोध में हमने कहा था कि यदि कोई व्यक्ति या सांसद व्यक्तिगत रूप से या समूह में आपके पास आकर पार्टी छोड़ने की इच्छा व्यक्त करता है, तो आपको संविधान की रक्षा करनी चाहिए। यही हमारी अपेक्षा है। अब, इस घटना के बाद, हमने फिर से एक पत्र भेजा, जिसमें अनुरोध किया गया कि यदि इस मामले में कुछ भी होता है, तो कृपया पहले हमसे सुनें और हमसे सुने बिना कोई निर्णय न लें।”






