गो सम्मान आह्वान अभियान को विश्व रिकॉर्ड सम्मान

*गो सम्मान आह्वान अभियान को विश्व रिकॉर्ड सम्मान*

*गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने हेतु 5.25 करोड़ हस्ताक्षरों के विश्व रिकॉर्ड पर संत को सौंपा गया स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स सम्मान पत्र*

इंदौर। स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के संस्थापक वीरेन्द्र कुमार जैन एवं रेखा जैन ने परम पूज्य संतों के सान्निध्य में आयोजित गो सम्मान आह्वान अभियान” को विश्व रिकॉर्ड का गौरव प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा इस ऐतिहासिक अभियान को विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। अभियान के अंतर्गत 27 अप्रैल 2026 को देशभर के 5,000 से अधिक तहसील मुख्यालयों पर एक साथ जन-जागरण एवं जन-समर्थन कार्यक्रम आयोजित कर 5.25 करोड़ से अधिक गौभक्तों, संतों एवं नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन एकत्रित किए गए। इस अभूतपूर्व उपलब्धि को “विश्व का सबसे बड़ा बहु-स्थान (Multi-Location) जन-हस्ताक्षर एवं ज्ञापन अभियान” घोषित कर स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।

इस अवसर पर संत श्री अच्युतानंद जी महाराज ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला है। समाज के प्रत्येक वर्ग को गौसंरक्षण और गौसंवर्धन के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, गौसेवकों एवं स्वयंसेवकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी।उन्होंने ने बताया कि यह अभियान केवल रिकॉर्ड निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गौमाता के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के लिए राष्ट्रीय जन-जागरण का एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने जानकारी दी कि अभियान का अगला चरण 27 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें 15 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के माध्यम से गौमाता को राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा देने, गौहत्या पर प्रभावी प्रतिबंध लगाने, गौशालाओं को सुदृढ़ बनाने तथा गौ-आधारित प्राकृतिक कृषि एवं पंचगव्य उत्पादों को बढ़ावा देने की मांग सरकार तक पहुंचाई जाएगी।

1273 views