*राजबाड़ा क्षेत्र में नगर निगम अपर आयुक्त का औचक निरीक्षण, सड़क कब्जों पर सख्ती*
*रिमूवल टीम सुपरवाइजर शुभम गर्दे को अंतिम चेतावनी, दुकानदारों का सामान भी जब्त*
इंदौर। शहर के व्यस्ततम और संवेदनशील माने जाने वाले राजबाड़ा क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते कब्जों को लेकर नगर निगम प्रशासन एक बार फिर सख्त नजर आया। नगर निगम अपर आयुक्त आकाश सिंह ने राजबाड़ा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया, जहां सड़क और फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण, रेडीमेड वालो के चक्रे और दुकानों के बाहर रखा सामान देखकर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने मौके पर मौजूद रिमूवल टीम के सुपरवाइजर शुभम गर्दे को कड़ी फटकार लगाई। अपर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजबाड़ा क्षेत्र में दोबारा फुटपाथ, चक्रे या सड़क कब्जे दिखाई दिए तो सीधे बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। इसे उन्होंने अंतिम चेतावनी बताया।
निरीक्षण के दौरान निगम अमले ने सड़क और फुटपाथ पर रखा कुछ दुकानदारों का सामान जब्त भी किया। निगम अधिकारियों ने कहा कि राजबाड़ा जैसे ऐतिहासिक और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम अपर आयुक्त की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल देखा गया। लंबे समय से यह शिकायत सामने आती रही है कि राजबाड़ा क्षेत्र में दुकानों के बाहर सामान फैलाकर सड़क और फुटपाथ पर कब्जा किया जाता है, जिससे आम नागरिकों, पैदल राहगीरों और यातायात को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अपर आयुक्त आकाश सिंह ने साफ संकेत दिए कि राजबाड़ा क्षेत्र में अब जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई होगी और यदि निगम का मैदानी अमला लापरवाही बरतता पाया गया तो जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
335 views





