पेट्रोल-डीजल सस्ते होंगे या नहीं? मंत्री ने साफ किया रुख*
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने स्पष्ट किया है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में गिरावट का सीधा असर भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर तुरंत नहीं पड़ेगा। मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के सस्ते होने के बावजूद ईंधन की कीमतें कई आर्थिक और लॉजिस्टिक कारणों से तय होती हैं। इसमें शिपमेंट में लगने वाला समय, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर ट्रैफिक और तनाव भी शामिल है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पश्चिम एशिया संकट के कारण तेल कंपनियों को लगभग 12,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जिसका असर भी कीमत निर्धारण पर पड़ा है। सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए अतिरिक्त बोझ वहन किया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उतार-चढ़ाव का पूरा लाभ तुरंत देना संभव नहीं है। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड और WTI क्रूड दोनों में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर भारतीय बाजार में धीरे-धीरे दिखाई देगा, तुरंत नहीं।






