माफियाओं का सफाया मेरा प्रिय विषय, कार्रवाई जारी रहेगी’ : योगी आदित्यनाथ*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित डी-3 त्रिवेणी कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई उनकी सरकार की प्राथमिकता रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रदेश में माफियाओं का दबदबा था और वे समानांतर सत्ता चलाते थे, लेकिन 2017 के बाद हालात पूरी तरह बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही दिन तय कर दिया था कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर लोग डरते नहीं, बल्कि भरोसा और सम्मान महसूस करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में दंगे और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह लंबे संघर्ष के बाद संभव हुआ है और अब अयोध्या विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है।






