नीट री-एग्जाम से पहले भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, 22 जून तक पाबंदियां लागू : केंद्र सरकार

नीट री-एग्जाम से पहले भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, 22 जून तक पाबंदियां लागू : केंद्र सरकार*
केंद्र सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। यह कदम NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को देखते हुए परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देश के अनुसार भारत में टेलीग्राम की सेवाओं पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक रहेगी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रश्नपत्र लीक, अफवाहों और फर्जी सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। एनटीए के अनुसार हाल के वर्षों में सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए परीक्षा से जुड़ी गलत सूचनाएं फैलने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में यह कदम परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक है। इसके अलावा एक अन्य निर्देश में टेलीग्राम पर संदेशों को एडिट करने की सुविधा पर 30 जून 2026 तक रोक लगाई गई है, ताकि परीक्षा के बाद फर्जी सबूत तैयार करने जैसी गतिविधियों को रोका जा सके। एनटीए ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करने की अपील की है।

268 views