पीएम मोदी जी-7 सम्मेलन में होंगे शामिल, कई देशों के नेताओं से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता*
जी-7 शिखर सम्मेलन की शुरुआत फ्रांस के एवियन में हो गई है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित सभी मेहमान राष्ट्राध्यक्षों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान औपचारिक ग्रुप फोटो भी ली गई, जिसमें जी-7 और अन्य देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इस बार सम्मेलन में भारत की भागीदारी भी खास मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर एवियन पहुंचे हैं। भारत अब तक 13वीं बार और लगातार 7वीं बार इस सम्मेलन में शामिल हो रहा है, जो वैश्विक मुद्दों पर उसकी बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी कई द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे, जिनमें कनाडा, ब्रिटेन और यूएई के नेताओं से मुलाकात शामिल है। साथ ही वे एक कार्य सत्र में भी भाग लेंगे, जिसका विषय “नई साझेदारी बनाना और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण” रखा गया है। भारत की भागीदारी को आर्थिक और तकनीकी साझेदारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते और एआई जैसे क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग के कारण।






