मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण में सर्वोत्तम योगदान देगा यूपी: योगी*
निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरे करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने पत्र लिखकर मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बनकर उभरा है। पत्र में अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना, काशी विश्वनाथ धाम के पुनरुद्धार तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ प्रदेश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उत्तर प्रदेश में लगभग तीन करोड़ शौचालयों का निर्माण हुआ है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करीब 65 लाख परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश के निरंतर विकास की कामना की।






