इंदौर में जल सुरक्षा की कमान संभालेंगी गृहिणियाँ*

*इंदौर में जल सुरक्षा की कमान संभालेंगी गृहिणियाँ*

जीतो लेडीज़ विंग की चेयरपर्सन टीना जयसिंह जैन ने किया ‘जल सुरक्षा गाइडलाइन’ फोल्डर का विमोचन

इंदौर। शहर में जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में स्वर्णिम फाउंडेशन इंदौर द्वारा एक अभिनव पहल की जा रही है। इसी क्रम में ‘अपने ही घर पर जल सुरक्षा के लिए गृहिणियों की गाइडलाइन’ फोल्डर का विमोचन जीतो (JITO) लेडीज़ विंग की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन टीना जयसिंह जैन द्वारा किया गया।

इस पहल का उद्देश्य गृहिणियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना और घर-परिवार में पानी बचाने की आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। फोल्डर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि हर गृहिणी के छोटे-छोटे प्रयास पानी की बड़ी बचत कर सकते हैं और इंदौर को जल सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं।

*फोल्डर में पानी बचाने के 15 सरल एवं व्यावहारिक उपाय बताए गए हैं। इनमें नलों की नियमित जांच और मरम्मत, सब्जियों एवं बर्तनों को धोने में पानी की बचत, पीने के पानी को सुरक्षित रखना, नहाने और कपड़े धोने में पानी का सीमित उपयोग, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, पौधों में सीमित पानी का उपयोग, ओवरफ्लो रोकने के लिए फ्लोट वाल्व लगाना, पानी के मीटर की नियमित जांच तथा पाइपलाइन और बोरवेल के रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल हैं*

अभियान के अंतर्गत गृहिणियों से अपील की जा रही है कि वे स्वयं जल संरक्षण के उपाय अपनाने के साथ अपने परिवार, बच्चों, पड़ोसियों और घरेलू सहायकों को भी इसके लिए प्रेरित करें। फोल्डर में यह भी सुझाव दिया गया है कि हर महीने परिवार के सदस्य मिलकर समीक्षा करें कि पानी की बचत कितनी हुई और किन उपायों को और बेहतर बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर टीना जयसिंह जैन ने जल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि घरों में पानी का सबसे अधिक दैनिक उपयोग होता है, इसलिए यदि प्रत्येक परिवार पानी बचाने का संकल्प ले, तो सामूहिक रूप से बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।

स्वर्णिम फाउंडेशन इंदौर की ओर से पूजा जैन, शारदा जैन नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस फोल्डर को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और विशेष रूप से हर गृहिणी को जल सुरक्षा अभियान से जोड़ें।फ़ोल्डर प्राप्त करने के लिए वाट्सएप नंबर 9179085599 पर लिखकर भेजें “जल संरक्षिका”

जीतों की चीफ़ सेक्रेटरी स्निग्धा जैन एवं पूर्णिमा डोसी, गर्विता जैन ने कहा छोटे-छोटे कदमों से पानी की बर्बादी रोककर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखा जा सकता है। जल संरक्षण केवल किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है।

67 views