एयरपोर्ट रेगुलेटरी अथॉरिटी ने घटाया यूजर चार्ज
नोएडा एयरपोर्ट पर दिल्ली से सस्ती हुईं उड़ानें!
नई दिल्ली.नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करना दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबला अब सस्ता होने जा रहा है. इसकी वजह है कि नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट की तुलना में काफी कम यूजर डेवलपमेंट फीस देनी होगी. इससे पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने घरेलू डिपार्चर यानी यूजर डेवलपमेंट फीस में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था. अब अथॉरिटी ने शुल्क की दरों को इस तरह व्यवस्थित किया है कि जेवर से हवाई सफर करना दिल्ली के मुकाबले अधिक किफायती साबित हो सके. नई गाइडलाइंस के मुताबिक, 31 मार्च 2027 तक नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले घरेलू यात्रियों के लिए 490 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 980 रुपये का शुल्क तय किया गया है. वहीं, यहां आने वाले यात्रियों के लिए घरेलू शुल्क 210 और अंतरराष्ट्रीय शुल्क 420 रुपये रखा गया है. हालांकि, 1 अप्रैल 2027 से इन शुल्कों में मामूली वृद्धि प्रस्तावित है, जिसके तहत घरेलू प्रस्थान शुल्क 541 रुपये और अंतरराष्ट्रीय शुल्क 1083 रुपये तक पहुंच जाएगा.
यात्रियों के साथ-साथ विमानन कंपनियों के लिए भी नोएडा एयरपोर्ट, दिल्ली के मुकाबले एक बेहतर विकल्प बनकर उभरा है. इसका सबसे प्रमुख कारण विमान ईंधन (ATF) पर लगने वाला टैक्स है. जहां दिल्ली सरकार ATF पर 25% वैट वसूलती है, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा एयरपोर्ट के लिए इसे घटाकर मात्र 1% कर दिया है. ईंधन पर टैक्स का यह बड़ा अंतर एयरलाइंस के खर्चों में भारी कटौती करेगा, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र में और भी सस्ती उड़ानों की उम्मीद जाग गई है.
एयरलाइंस ने कम किए टिकट के दाम
ऐसी खबरें भी हैं कि आकासा और इंडिगो ने टिकटों के कम कर दिए हैं. आकासा की नोएडा से बेंगलुरु का टिकट सोमवार को 8 हजार से ऊपर था बाद में वो घटकर 6500 रुपये कर दिया गया. वहीं अन्य शहरों के टिकटों के रेट भी कम किए गए हैं. बता दें कि नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले ही ऐसी खबरें थी कि यहां से उड़ानें दिल्ली की तुलना में सस्ती होंगी, लेकिन जब टिकटों के रेट सामने आए तो लोग निराश हो गए क्योंकि इनके रेट दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में ज़्यादा थे.
67 views





