गांधी जयंती पर राजघाट और विजय घाट पहुंचे पीएम मोदी, गांधी-शास्त्री को किया नमन

गांधी जयंती पर राजघाट और विजय घाट पहुंचे पीएम मोदी, गांधी-शास्त्री को किया नमन*
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर शुक्रवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने राजघाट और विजय घाट पहुंचकर दोनों महापुरुषों को नमन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और सर्वधर्म प्रार्थना में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने विजय घाट पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी राजघाट और विजय घाट पहुंचकर दोनों नेताओं को नमन किया। इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर दिए संदेश में कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष के माहौल के बीच महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के संदेश की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने नागरिकों से नैतिक आचरण और सक्रिय भागीदारी के साथ विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में स्वच्छता और सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। गांधी जयंती को स्वच्छता अभियानों के साथ जोड़कर सार्वजनिक स्थानों की सफाई और जनभागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।

268 views