विदेशी मुद्रा बचाने के लिए खर्च में कटौती और सादगी अपनाने पर दिया जोर : प्रधानमंत्री मोदी:*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अनावश्यक खर्च कम करने और आर्थिक अनुशासन अपनाने की अपील की। हैदराबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत को अपने विदेशी मुद्रा भंडार की सुरक्षा और ईंधन खपत में कमी पर ध्यान देना चाहिए। पीएम मोदी ने लोगों से सोने की खरीद से बचने, विदेश यात्राएं टालने, डेस्टिनेशन वेडिंग से परहेज करने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान अपनाई गई डिजिटल और सस्टेनेबल जीवनशैली को फिर से अपनाना समय की जरूरत है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए मेट्रो, सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही माल ढुलाई के लिए रेलवे के अधिक इस्तेमाल की बात कही। प्रधानमंत्री ने यह भी अपील की कि खाने के तेल की खपत कम की जाए और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए, ताकि आयात पर निर्भरता घटे और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण वैश्विक आर्थिक दबाव बढ़ा हुआ है, जिसका असर भारत की आयात लागत और रुपये पर भी देखा जा रहा है।






