पीएम की अपीलों पर राहुल गांधी का तंज, बोले- जिम्मेदारी जनता पर डाल रही सरकार*
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों को सरकार की नाकामी का प्रमाण बताया। राहुल गांधी ने लिखा कि प्रधानमंत्री जनता से सोना न खरीदने, विदेश यात्रा कम करने, पेट्रोल की खपत घटाने, खाने के तेल और खाद के इस्तेमाल में कमी लाने जैसी अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये उपदेश नहीं, बल्कि सरकार की विफलताओं के संकेत हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल दी जाती है, जबकि सरकार अपनी जवाबदेही से बचने का प्रयास करती है। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सिकंदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में आयात पर निर्भरता कम करने की जरूरत पर जोर दिया था। उन्होंने लोगों से खाने के तेल की खपत कम करने, प्राकृतिक खेती अपनाने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने और पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने की अपील की थी। पीएम मोदी ने कहा था कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी।






