भारतीयों के पास 34,600 टन सोना, यह जीडीपी के 89 फीसदी के बराबर

भारतीयों के पास 34,600 टन सोना, यह जीडीपी के 89 फीसदी के बराबर*
भारत के पास जून तक 34,600 टन सोना था। इसका मूल्य वर्तमान भाव 4056 डॉलर प्रति औंस पर 3,785 अरब डॉलर है। मॉर्गन स्टेनली के अनुसार, यह सोना देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 88.8 प्रतिशत है। वर्तमान बाजार मूल्य पर यह भारतीय परिवारों के पास मौजूद इक्विटी स्टॉक होल्डिंग का लगभग 3.1 गुना है, जिसका मूल्य 1,185 अरब डॉलर है। भारत सोने के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस पीली धातु के प्रति सांस्कृतिक लगाव, निवेश की मांग और आर्थिक कारकों से प्रेरित है। मूल्य के भंडार, महंगाई से बचाव और एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में इसके महत्व ने इसे भारतीय परिवारों के लिए एक अमूल्य संपत्ति बना दिया है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, जून 2025 तक चार तिमाहियों के आधार पर भारत का वैश्विक सोने की मांग में लगभग 26 फीसदी हिस्सा था। पांच वर्षों का औसत 23 फीसदी था। लगभग 28 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। भारत में सोने की मांग में आभूषणों की हिस्सेदारी दो-तिहाई है। छड़ों व सिक्कों यानी खुदरा निवेश साधनों का हिस्सा पांच वर्षों में 23.9 फीसदी से बढ़कर जून, 2025 तक 32 फीसदी हो गया है।

2613 views