अमेरिका में शटडाउन संकट: ट्रंप प्रशासन ने संघीय कर्मचारियों की छंटनी शुरू की*
अमेरिका में शटडाउन को 10 दिन बीत चुके हैं और अब ट्रंप प्रशासन ने संघीय कर्मचारियों को नौकरी से निकालना शुरू कर दिया है। यह कदम डेमोक्रेट पार्टी पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन इससे अमेरिका में राजनीतिक संकट गहराने की संभावना बढ़ गई है। अमेरिका के बजट एवं प्रबंधन कार्यालय के निदेशक रस वॉट ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में कहा कि छंटनी शुरू हो गई है। शिक्षा, वित्त, आंतरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग के कर्मचारियों को प्रभावित किया जा सकता है। आमतौर पर शटडाउन के दौरान कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा जाता है, लेकिन इस बार छंटनी से व्हाइट हाउस और कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ने की आशंका है। ट्रंप प्रशासन के इस कदम की आलोचना भी शुरू हो गई है। डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों के सांसदों ने इसकी निंदा की। ट्रंप ने कहा कि कई कर्मचारियों की नौकरी जाएगी और छंटनी डेमोक्रेट पार्टी के फोकस वाले विभागों में अधिक होगी। अमेरिका में शटडाउन 1 अक्टूबर से जारी है और सभी संघीय एजेंसियों को बजट कार्यालय को उन कर्मचारियों की सूची देने का निर्देश दिया गया है, जिन्हें नौकरी से हटाया जा सकता है।






