स्वदेशी उत्पाद खरीदेंगे तो पैसा देश में ही रहेगा : योगी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल की अपील करते हुए कहा कि जब हम स्वदेशी अपनाएंगे तो कारीगरों, शिल्पियों के श्रम का सम्मान होगा। स्वदेशी से देश का पैसा देश में ही रहेगा। स्वदेशी का मुनाफा देश के निर्माण के काम आएगा। उन्होंने सचेत किया कि विदेशी वस्तुओं के खरीदने पर उसके मुनाफे का पैसा कई बार देश के खिलाफ, आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद पर खर्च होता है। योगी, शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब देश का पैसा स्वदेशी के माध्यम से देश में ही खर्च होगा तो विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना भी तेजी से साकार होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी के माध्यम से हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल के अभियान को आगे बढ़ाना है। सब लोग ठान लें तो कोई बाधा भी नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां उस चीन से आती थीं जो देवी-देवताओं पर विश्वास ही नहीं करता है। अब ओडीओपी के जरिये टेराकोटा की मिट्टी की बनी मूर्तियां मार्केट में हैं। अब तो टेराकोटा को जीआई टैग भी मिल गया है। यह देश दुनिया में कहीं भी बिना किसी सवाल के बिक सकता है।






