पीएम मोदी 25 नवंबर को राम मंदिर शिखर पर फहराएंगे 22 फीट लंबा भगवा ध्वज*
राम मंदिर के शिखर पर फहराए जाने वाले ध्वज का आकार, प्रकार और रंग तय कर लिया गया है। 25 नवंबर, विवाह पंचमी के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 191 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर पर त्रिकोण आकृति का भगवा ध्वज फहराएंगे। ध्वज की चौड़ाई 11 फीट और लंबाई 22 फीट होगी, जिस पर सूर्यवंशी और त्रेता युग का चिह्न स्थापित किया जाएगा। यह निर्णय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की धार्मिक समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में लिया गया। ध्वजारोहण समारोह में 8 से 10 हजार मेहमान शामिल होंगे और दीपोत्सव के बाद सभी को निमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा और अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही, दीपोत्सव के अवसर पर सरयू तट को अद्भुत भव्यता से सजाया जा रहा है। लाल बलुआ पत्थरों से घाटों का सौंदर्य बढ़ाया गया है, रोशनी और दीपमालाओं से रात का दृश्य अलौकिक बनेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम की देखरेख में घाटों का सुंदरीकरण अंतिम चरण में है, जिसमें शिलालेख, आकर्षक लाइटिंग, छतरियां, बैठने की व्यवस्था, टॉयलेट, पीने का पानी और रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।






