संसद सत्र में हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार

*संसद सत्र में हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार : रिजिजू बोले – ऑपरेशन सिंदूर पर मिलेगा स्पष्ट जवाब*
संसद के मानसून सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी दलों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर 100 से अधिक सांसदों के हस्ताक्षर हो चुके हैं। बैठक में 51 दलों के 54 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें 40 सांसदों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी-अपनी पार्टियों की राय रखी। छोटे दलों को भी पर्याप्त समय देने की बात कही गई, जिसे कार्य मंत्रणा समिति में उठाया जाएगा। रिजिजू ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मुद्दों पर चर्चा नियमों और संसदीय परंपराओं के अनुसार ही होगी।

1474 views