दलाई लामा के 90वें जन्मदिन पर पीएम मोदी की शुभकामनाएं, बताया मानवता का मार्गदर्शक*
तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा आज 90 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें “प्यार, करुणा, धैर्य और नैतिक अनुशासन” का प्रतीक बताया। मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। दलाई लामा का जन्म 6 जुलाई 1935 को तिब्बत के ताक्सर गांव में हुआ था। दो वर्ष की उम्र में उन्हें 13वें दलाई लामा का पुनर्जन्म माना गया और 1940 में तिब्बत के सर्वोच्च नेता के रूप में स्थापित किया गया। भारत में उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। हिमाचल के डोरजिडक मठ और धर्मशाला में विशेष कार्यक्रम हुए, जिनमें प्रमुख भारतीय नेताओं ने भाग लिया। दलाई लामा 1959 से भारत में शरण लिए हुए हैं और दुनिया भर में शांति और करुणा का संदेश देते रहे हैं।






