राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: पुलिस ने सभी 8 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट*
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बुधवार सुबह अदालत में आरोप पत्र पेश किया। पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल करने भर से अब आरोपियों के डिफॉल्ट बेल पाने की संभावना खत्म हो गई है। बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बीते करीब तीन माह से जेल में निरुद्ध तीन और आरोपितों के जेल से बाहर आने की उम्मीद पर स्थानीय स्तर पर मंगलवार को विराम लग गया। जेल में बंद अनुकल्प मिश्र, करुणेश पांडेय व लवकुश मिश्र की भी जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम रजत वर्मा ने निरस्त कर दी थी। इसी मामले में बीते सोमवार को न्यायालय ने अविनाश शुक्ल, रमाशंकर मिश्र व मनीष यादव की भी जमानत अर्जी निरस्त कर दी थी। इसके बाद शेष बचे दो अन्य आरोपितों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू व सुभाषचंद्र श्रीवास्तव की जमानत अर्जी पर सुनवाई बुधवार को इसी न्यायालय में होनी है। वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता मनोज कुमार गौड़ ने बताया कि जमानत अर्जी निरस्त होने पर आरोपितों के लिए अब उच्च न्यायालय का रास्ता ही बचा है।






