*इंदौर के सर्वांगीण विकास पर मंथन – ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में हुई उच्चस्तरीय बैठक*
*महापौर पुष्यमित्र भार्गव, प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, कलेक्टर आशीष सिंह सहित आला अधिकारियों ने शहर के प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर की चर्चा*
इंदौर।शहर के समग्र विकास को लेकर ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी सीईओ एवं आयुक्त संकेत भोंडवे, और जिला कलेक्टर आशीष सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में इंदौर के विभिन्न महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और अधोसंरचना विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से नहरू स्टेडियम के भविष्य को लेकर गंभीर विचार-विमर्श हुआ, जिसमें उसके पुनर्निर्माण, आधुनिक सुविधाओं से युक्त रूप और संभावित उपयोग पर चर्चा की गई।
महापौर भार्गव ने नगर पालिक निगम की नई बिल्डिंग को लेकर भी अपना दृष्टिकोण सामने रखा और इसके शीघ्र निर्माण की दिशा में ठोस निर्णय लेने पर बल दिया। साथ ही, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान और नक्शों की समीक्षा की गई।
शहरहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों जैसे कि गांधी हॉल के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और उपयोगिता के विस्तार पर भी महापौर द्वारा विशेष रूप से सुझाव रखे गए।बैठक में शहर के भविष्य की योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु पारदर्शिता, गति और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संकल्प लिया गया। बैठक को शहर के दीर्घकालिक विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
1878 views





