लोक सेवा दिवस पर पीएम मोदी करेंगे संबोधन, उत्कृष्ट अधिकारियों को मिलेगा सम्मान

लोक सेवा दिवस पर पीएम मोदी करेंगे संबोधन, उत्कृष्ट अधिकारियों को मिलेगा सम्मान*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लोक सेवा दिवस के अवसर पर देशभर के लोक सेवकों को संबोधित करेंगे। इस मौके पर वह लोक प्रशासन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रधानमंत्री पुरस्कार प्रदान करेंगे। कार्मिक मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री प्राथमिकता कार्यक्रमों और नवाचारों पर आधारित ई-पुस्तकें भी जारी करेंगे, साथ ही एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। यह सातवीं बार है जब पीएम मोदी राष्ट्रीय लोक सेवा दिवस समारोह को संबोधित करेंगे। 21 अप्रैल 1947 को सरदार वल्लभ भाई पटेल ने दिल्ली के मेटकाफ हाउस में अखिल भारतीय सेवाओं का उद्घाटन करते हुए सिविल सेवकों को “देश की स्टील फ्रेम” कहा था। इसी दिन को याद करते हुए 2006 से हर साल राष्ट्रीय लोक सेवा दिवस मनाया जाता है। इस दिन उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाता है और आगामी योजनाओं पर विचार किया जाता है। सिविल सर्वेंट’ शब्द की शुरुआत ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के दौरान हुई थी। वॉरेन हेस्टिंग्स ने इन सेवाओं की नींव रखी थी, जबकि चार्ल्स कॉर्नवॉलिस को “भारत में सिविल सेवा का जनक” माना जाता है। वर्तमान में IAS, IPS, IFS जैसी सेवाएं इसमें शामिल हैं, जिनके लिए UPSC के तहत परीक्षाएं आयोजित होती हैं।

1675 views