भारत पर अमेरिकी टैरिफ 26% तक पहुंचा, वैश्विक व्यापार में बढ़ी हलचल*
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ बुधवार आधी रात के बाद से पूरी तरह लागू हो गए हैं। इसके तहत भारत पर अब 26% शुल्क प्रभावी हो गया है। ट्रंप ने 2 अप्रैल को ऐलान किया था कि अमेरिका अपने लगभग सभी व्यापारिक साझेदारों पर न्यूनतम 10% टैरिफ लगाएगा। भारत पर पहले से ही इस्पात, एल्युमिनियम और ऑटो पार्ट्स पर 25% टैक्स लग रहा था, जो अब बढ़कर अन्य उत्पादों पर भी लागू हो गया है। इस फैसले से वैश्विक व्यापारिक तनाव गहराने की आशंका है। ट्रंप ने चीन पर कुल 104% टैरिफ लागू कर दिया है। वियतनाम (46%), बांग्लादेश (37%), थाईलैंड (36%), और यूरोपीय संघ (20%) जैसे देशों पर भी भारी शुल्क लगाया गया है। टैरिफ से भारत की चुनौती जरूर बढ़ी है, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत के लिए यह वैश्विक आपूर्ति शृंखला में भूमिका बढ़ाने का मौका भी हो सकता है—यदि वह व्यापारिक प्रक्रियाएं आसान करे और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करे। विश्लेषकों के अनुसार, ट्रंप के टैरिफ WTO के नियमों का उल्लंघन करते हैं और भारत जैसे देश डब्ल्यूटीओ के विवाद निपटान तंत्र का सहारा ले सकते हैं।






