राहुल गांधी को बोलने से रोका जाना लोकतंत्र के लिए खतरा : संजय राउत*
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी को संसद में बोलने की अनुमति नहीं देना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर विपक्ष को चुप कराना ही है तो संसद क्यों चलाई जा रही है? लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार बोलने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष दोनों की जगह होती है, लेकिन यहां केवल सरकार की बात हो रही है।” बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राहुल गांधी को सदन की गरिमा बनाए रखने और नियमों का पालन करने की हिदायत दी। इस पर राहुल गांधी ने कहा, “मैंने तो कुछ भी नहीं कहा, फिर भी मुझे नहीं बोलने दिया जा रहा।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा अलोकतांत्रिक तरीके से चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।






