*इंदौर: महापौर बने बिजली के पहरेदार, खुद बंद किए लाइट और पंखे!*
_इंदौर शहर स्वच्छता का सिरमौर बनने के बाद अब ऊर्जा साक्षरता की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऊर्जा स्वराज मिशन के तहत नगर निगम ने इसे “ऊर्जा साक्षर सिटी” बनाने का बीड़ा उठाया है। लेकिन इस मिशन को सिर्फ भाषणों तक सीमित रखने के बजाय महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद मैदान में उतरकर मिसाल पेश की!_
_महापौर भार्गव ने नगर निगम मुख्यालय के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया और वहां बिना जरूरत जल रही लाइटों और घूम रहे पंखों को खुद बंद किया। उन्होंने कर्मचारियों को समझाया कि बिजली बचाना केवल आदत नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है! उन्होंने कहा, “बदलाव की शुरुआत घर से होती है, और अगर हम खुद बिजली बचाएंगे, तो शहर भी सीखेगा!”_
_महापौर भार्गव ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण न केवल बिजली के बिल को कम करता है, बल्कि यह पर्यावरण बचाने का भी एक महत्वपूर्ण तरीका है। इस दौरान उनके साथ एनर्जी स्वराज फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. चेतन सोलंकी भी मौजूद थे।_
_इंदौर पहले ही स्वच्छता में नंबर वन बनकर देश को प्रेरित कर चुका है, और अब इस ऊर्जा बचत अभियान के जरिए एक और मिसाल कायम करने की ओर बढ़ रहा है।_
2010 views





