तिरुपति के बाद अब मथुरा वृंदावन में प्रसाद की जांच*
तिरुपति के लड्डू प्रसादम् में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद मथुरा और वृंदावन में भी मंदिरों के बाहर बेचे जा रहे प्रसाद की शुद्धता पर सवाल उठ रहे हैं। खाद एवं औषधि विभाग की टीम ने तीन प्रमुख मंदिरों के बाहर दुकानों पर बिक रहे प्रसाद के सैंपल लिए जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मंदिर के सेवायतों ने संदेह जताया है कि प्रसाद में मिलावट हो सकती है। इससे पहले मंदिरों के बाहर बेचे जा रहे प्रसाद के 59 नमूनों में से 30 फीसदी नमूने फेल मिल चुके हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने टीम के साथ बांकेबिहारी मंदिर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि और गोवर्धन में गिरिराज मंदिर के बाहर प्रसाद की दुकानों से सैंपल लिए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के बाहर दुकान से खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहन सिंह, वृंदावन में अरुण कुमार राणा ने बांकेबिहारी मंदिर के समीप दुकान से घी के नमूने और गोवर्धन में गिरिराज महाराज मंदिर के सामने दुकान से पेड़े का सैंपल लिया। इन सभी सैंपलों को विभाग ने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। सहायक आयुक्त ने बताया कि मंदिर के समीप बिक रहा घी नकली प्रतीत हो रहा था। इस संदेह में सैंपल लिया गया और जांच के लिए लैब भेजा गया है।






