सोने-चांदी में इस सप्ताह भी तेज उतार-चढ़ाव के आसार*
मजबूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिका-ईरान तनाव के बीच इस सप्ताह सोने-चांदी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। घरेलू बाजार में निवेशकों की नजर सात अक्तूबर को होने वाले रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति के फैसले पर रहेगी। इसके अलावा प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के सेवा क्षेत्र के पीएमआई, अमेरिका के व्यापार आंकड़े और उपभोक्ता धारणा के आंकड़े भी कीमती धातुओं की दिशा तय कर सकते हैं। पिछले सप्ताह मुनाफावसूली के चलते सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट रही। छुट्टियों के कारण कारोबार के छोटे सप्ताह में एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना वायदा 2,887 रुपये यानी करीब दो प्रतिशत गिरकर 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं चांदी का भाव 8,819 रुपये यानी करीब चार प्रतिशत घटकर 2.25 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। विश्लेषकों के मुताबिक अमेरिका-ईरान तनाव का समाधान नहीं होने से बाजार में अनिश्चितता बनी रह सकती है। ऐसे में वैश्विक आर्थिक आंकड़ों, डॉलर की चाल और निवेशकों की मुनाफावसूली पर सोने-चांदी की कीमतों की नजर रहेगी।






