*बदमाश को पकड़ने में चाकू के हमले से घायल प्रधान आरक्षक और चेकिंग के दौरान घायल आरक्षक का हाल जानने हॉस्पिटल पहुंचे इंदौर पुलिस कमिश्नर*
इंदौर। पुलिस ड्यूटी के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाने एवं उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह आज शेल्बी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने उपचाररत मल्हारगंज थाने के प्रधान आरक्षक पवन एवं संयोगितागंज थाने के आरक्षक लालसिंह जाटव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
विगत दिनों इमली बाजार चौराहे के पास एक शातिर बदमाश शुभम जाटव नशे की हालत में चाकू लेकर क्षेत्र में घूम रहा था। स्थिति को देखते हुए प्रधान आरक्षक पवन ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, जिस दौरान बदमाश ने उन पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बावजूद प्रधान आरक्षक पवन ने साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए बदमाश को पकड़ लिया और संभावित गंभीर घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, संयोगितागंज थाना क्षेत्र में रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा एक चार पहिया वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, इसी दौरान वाहन ने आरक्षक लालसिंह जाटव को टक्कर मार दी, जिससे उनके घुटने में गंभीर चोट आई। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को आगे जाकर पकड़ लिया तथा घायल आरक्षक को उपचार हेतु शेल्बी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने दोनों पुलिसकर्मियों एवं चिकित्सकों से उपचार व स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं ड्यूटी के प्रति समर्पण की सराहना की।
134 views





