नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है. मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने आकाशवाणी भवन में 8 घंटे तक धरना दिया था, लेकिन अब बुधवार को सभी सांसद जंतर-मंतर की ओर कूच कर रहे हैं. लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने सांसदों को जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही रोक दिया है.
सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है. इसी बीच प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के लिए जब पुलिस आई, तब वह जमीन पर लेट गईं. लेटे-लेटे ही उन्होंने नारेबाजी की. हालांकि, पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में ले लिया है.
जमीन पर लेटे-लेटे प्रियंका गांधी ने कहा, ‘ये उन सांसदों के साथ ऐसा बर्ताव करते हैं जो बस चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं. ये हमारे साथ ऐसा ही बर्ताव करते हैं. वे सांसदों को पीट रहे हैं. पुलिसवालों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है. उन्होंने हमें जमीन पर पटक दिया. अब हम यहां से नहीं हटेंगे. वे अपनी फोर्स को वापस बुला लें. मैं यहां से नहीं हटूंगी.’






