भीषण गर्मी से परेशान हुए लोग, देश के इन हिस्सों के लिए जारी हुआ बारिश का अलर्ट; जानिए IMD का ताजा अनुमान*
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब और राजस्थान सहित उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बढ़ते तापमान को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि लू की स्थिति इन अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहगी। 14 जून तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलेगी। मध्य और आसपास के पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों से लू की स्थिति समाप्त हो गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने और उसके बाद धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान के गिरावट की भविष्यवाणी की है। आइएमडी ने अपने बुलेटिन में यह भी बताया कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइएमडी ने कहा कि अगले कुछ दिनों के दौरान पश्चिमी प्रायद्वीपीय तट पर तेज बारिश जारी रहने की संभावना है और अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश जारी रह सकती है।






