भारत के लिए टीवी-डिजिटल के राइट्स 44 हजार करोड़ में बिके, एक मैच की कीमत ईपीएल से ज्यादा*
आईपीएल के अगले पांच सीजन में 410 मैचों के प्रसारण अधिकार के लिए बोली की प्रक्रिया जारी है। इस बार बीसीसीआई ने चार ग्रुप में मीडिया अधिकार बेचने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआती दो ग्रुप की बोली पूरी हो चुकी है। पहला ग्रुप भारत में टीवी मीडिया अधिकार का था और इसके लिए 23,575 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई है। वहीं, दूसरा ग्रुप ओटीटी प्लेफॉर्म पर आईपीएल के प्रसारण अधिकार का था और इसके लिए करीबन 20,500 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि टीवी और डिजिटल प्रसारण के अधिकार अलग-अलग ब्रॉडकास्टर्स को मिले हैं।टीवी में आईपीएल मैचों का प्रसारण करने वाला चैनल हर मैच के बदले बीसीसीआई को 57.5 करोड़ रुपये देगा। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आईपीएल मैचों का प्रसारण करने वाली कंपनी बीसीसीआई को हर मैच के लिए 50 करोड़ रुपये देगी। इस हिसाब से आईपीएल के एक मैच की कीमत 107.5 करोड़ हो चुकी है। 2023-2027 तक भारत में मैचों का प्रसारण करने वाली कंपनियां (टीवी और डिजिटल) बीसीसीआई को कुल 44,075 करोड़ रुपये देंगी। 2017 की तुलना में मीडिया अधिकार की कीमत ढाई गुना बढ़ गए हैं।






