तेरापंथ बिजनेस नेटवर्क के भव्य शुभारंभ का बैनर अनावरण
मुंबई, 9 सितंबर 2026। जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के निर्देशन में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, मुंबई द्वारा तेरापंथ बिजनेस नेटवर्क आयाम का आगामी 25 अक्टूबर को विधिवत एवं भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इसी महत्वपूर्ण आयोजन के पूर्व आज महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी में तेरापंथ बिजनेस नेटवर्क के शुभारंभ से संबंधित बैनर का अनावरण किया गया।
बैनर अनावरण का कार्यक्रम शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। मुंबई सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणपत डागलिया द्वारा बैनर का अनावरण किया गया।
तेरापंथ बिजनेस नेटवर्क का उद्देश्य तेरापंथ समाज के व्यवसायियों एवं उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करते हुए आपसी परिचय, संपर्क, सहयोग एवं व्यावसायिक समन्वय को बढ़ावा देना है। यह आयाम समाज के व्यापारिक एवं उद्यमशील युवाओं तथा व्यवसायियों को एक-दूसरे से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर किशन डागलिया, कुंदन धाकड़, सुरेश डागलिया, देवेंद्र डागलिया, गिरीश शिसोदिया, सुमित सुराना, नरेंद्र मुनोत, श्रेयांश मुनोत, लक्ष्मीलाल डागलिया, किशन राठौड़, नितेश धाकड़ एवं रवि डोसी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आगामी 25 अक्टूबर को होने वाले तेरापंथ बिजनेस नेटवर्क के भव्य शुभारंभ को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है। इस आयाम के माध्यम से तेरापंथ समाज के व्यवसायिक समुदाय को नई दिशा, नए संपर्क और सहयोग के नए अवसर मिलने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।
4288 views





