पर्युषण महापर्व के प्रथम दिवस पर धर्माराधना से गूंजा महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल 
मुंबई, 8 सितंबर 2026। पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व के प्रथम दिवस पर कालबादेवी स्थित महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल का प्रांगण श्रद्धालु श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति से पूरी तरह भर गया। आध्यात्मिक वातावरण के बीच पर्युषण महापर्व के प्रथम दिवस का शुभारंभ हुआ।
सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से मंगलाचरण कर महापर्व की मंगल शुरुआत की। प्रथम दिवस का मुख्य विषय ‘खाद्य संयम दिवस’ रहा।
शासन श्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने कहा — हम अनुभव कर रहे हैं कि पर्युषण पर्व आते ही चारों ओर जिनशासन की प्रभावना में, मैत्री, करुणा, पवित्रता के साथ आत्म आराधना में जन चेतना की गहराई के साथ आत्मदर्शन में लग जाती है कि जीवन में क्या खोया, क्या पाया। सभी श्रावक-श्राविकाएँ ज्ञान, दर्शन, चरित्र की साधना में लग जाते हैं।
साध्वीश्री उदितप्रभाजी ने खाद्य संयम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साध्वीवृंद ने एक सुंदर गीत के द्वारा समझा दिया कि पर्युषण पर्व की उपलब्धि ही हमारी जीवनशैली है।
शासन श्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी ने कर्मसूक्त के आधार पर प्रवचन करते हुए भगवान पार्श्वनाथ के पूर्व जन्मों को व्याख्यायित करते हुए बताया कि भगवान पार्श्वनाथ ने भी क्षमा याचना से मंजिल को प्राप्त किया है।
प्रातः 6 बजे से अखंड जाप का शुभारंभ हुआ, जो पर्युषण महापर्व के संपूर्ण दिनों में निरंतर जारी रहेगा। अखंड जाप के माध्यम से पूरे परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।
पर्युषण महापर्व का आयोजन आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल एवं अणुव्रत समिति दक्षिण मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। महापर्व के प्रत्येक दिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिक्रमण के पश्चात रात्रिकालीन समय में भी आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित है, जिससे श्रद्धालु दिनभर धर्माराधना के साथ रात्रि में भी अध्यात्म के रंग में सराबोर होंगे।
पर्युषण महापर्व के प्रथम दिवस पर महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में उमड़ा जनसैलाब इस बात का साक्षी रहा कि श्रद्धालुओं में धर्म, साधना और अध्यात्म के प्रति गहरी आस्था एवं उत्साह है।
1474 views





